लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित किला चौकी इलाके में पुलिस की चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक मॉडिफाइड BMW कार और एक स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिलीं। BMW पर “Insured by Mafia” का स्टीकर लगा था, जबकि पास में खड़ी स्कॉर्पियो पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का पास लगा हुआ था। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान BMW की डिक्की में बने लॉकर से ₹500 के नोटों की 52 गड्डियां, कुल 26 लाख रुपये नकद बरामद हुए। मौके पर मौजूद तीन युवक इस रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी और नकदी की जांच कराई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर लिया और तीन युवकों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान शिवांशु पांडेय (21), रोचमन वर्मा (19) और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे वाहन किराये पर लेते हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक शिवांशु पांडेय ने खुद को एक पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) का बेटा बताते हुए पुलिस पर प्रभाव डालने की कोशिश भी की।
फिलहाल पुलिस नकदी के स्रोत, दोनों वाहनों के दस्तावेज, विधानसभा पास की वैधता और पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बरामद नकदी किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
बने रहिए हमारी अगली ख़बर में


