कोरबा में शासकीय अधिग्रहित भूमि पर कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मोबाइल टावर स्थापित करने का मामला सामने आया है। अरशद लारी ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर सुल्तान कुरैशी और संबंधित टेलीकॉम कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में दावा किया गया है कि संबंधित भूमि वर्ष 1978 में एनटीपीसी और हसदेव परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है तथा वर्तमान राजस्व अभिलेखों में यह भूमि शासकीय नाम पर दर्ज है। इसके बावजूद निजी भूमि बताकर मोबाइल टावर स्थापित कर आर्थिक लाभ लेने और शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, अवैध टावर हटाने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




