मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा के एक दिवसीय दौरे पर मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक ली। बैठक में बुका-सतरेंगा पर्यटन के लिए वन विभाग को 2 महीने में प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश में 2015 से पहले की 115 अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 2800 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 76 हजार हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसका अलावा सीएम ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।
जानकारी के मुताबिक, बालक-बालिका क्रीड़ा परिसर के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है। विशेष पिछड़ी जनजाति के आवासीय विद्यालय के लिए 5 करोड़ और सुनालिया पुल के लिए 9 करोड़ रुपए मंजूर किए गए है।

मत्स्य पालन और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
एक्वा पार्क की स्थापना के लिए 37 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे मत्स्य पालन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। पीएम जनमन आवास योजना के तहत पहाड़ी कोरवा वर्ग के लोगों को आवास की चाबी और प्रमाण पत्र दिए गए।
रेशम विभाग से कोसा उत्पादन के लिए 3.27 लाख रुपए का चेक वितरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत स्व-सहायता समूह को 1.20 लाख रुपए का ऋण दिया गया। साथ ही, बिरहोर वर्ग के लोगों को वन अधिकार मान्यता पत्र भी वितरित किए गए।

