कोरबा। चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कोरबा और रायगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव नायक (20), निवासी मुड़ापार, कोरबा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी कौवा उर्फ फैजान के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइक बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां लोग अपनी मोटरसाइकिलें सुनसान जगहों पर खड़ी करते थे। मौका मिलते ही आरोपी बाइक का हैंडल लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लेते थे। पुलिस के मुताबिक, कौवा उर्फ फैजान मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल को स्टार्ट करता था और इसके बाद दोनों चोरी के वाहन को लेकर फरार हो जाते थे।
पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में बताया कि इनमें एक बाइक मानिकपुर क्षेत्र, दो बाइक कोतवाली कोरबा क्षेत्र, एक बाइक उरगा थाना क्षेत्र तथा एक बाइक कोतवाली रायगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस तरह पुलिस ने कोरबा और रायगढ़ जिले में हुई कुल पांच मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
साथी पहले से जेल में बंद
मामले में शामिल आरोपी कौवा उर्फ फैजान वर्तमान में एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध भी इस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी गौरव नायक को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। पुलिस उससे चोरी की अन्य घटनाओं, संभावित अन्य आरोपियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में विवेचना जारी है।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।































