सक्ती, 3 अक्टूबर। डभरा पुलिस एवं साइबर सेल सक्ती की संयुक्त टीम ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सपोस स्थित मुक्तिधाम के पास फड़ लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 51,400 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सपोस के मुक्तिधाम के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा/चंद्रपुर सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना डभरा पुलिस और साइबर सेल सक्ती की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता से सभी को पकड़ लिया।
मौके पर तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के दौरान जुआरियों के फड़ एवं कब्जे से कुल 51,400 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद हुई। पुलिस ने सभी 13 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में जागनेश्वर साव, जय सिंह क्षत्रिय, अनिल महंत, द्वारिका पटेल, देवेंद्र पटेल, रवि खर्रा, कारगिर खूंटे, मनोज दास महंत, राजेश साहू, सूरज तांडी, हीराराम चौहान, गजेन्द्र नायक एवं भानूप्रताप सिंह शामिल हैं। आरोपी सक्ती, रायगढ़ एवं महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
जिला पुलिस सक्ती ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


