वायरल वीडियो की जांच में सामने आई सच्चाई, हाइजीन व्यवस्था सुधारने तक न्यू दिल्ली स्वीट्स का क्रय-विक्रय बंद; खाद्य लाइसेंस भी सस्पेंड
SN इंडिया न्यूज | कोरबा।
निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में बाथरूम में खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान की जांच की। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाई गई, जिसके बाद विभाग ने प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की है।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण करने के बाद प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं हाइजीन व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार, जब तक निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक प्रतिष्ठान में क्रय-विक्रय पर रोक रहेगी। साथ ही खाद्य लाइसेंस को भी सस्पेंड किया गया है।
बताया जा रहा है कि एक ग्राहक द्वारा बर्तनों की सफाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला खाद्य सुरक्षा विभाग तक पहुंचा और विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में वीडियो की सत्यता सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
अब निगाह सुधार व्यवस्था पर
कार्रवाई के बाद न्यू दिल्ली स्वीट्स प्रबंधन को प्रतिष्ठान की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी। खाद्य विभाग की कार्रवाई से शहर के अन्य मिठाई दुकानों, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी हाइजीन व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी तय होने का संदेश गया है।
प्रेम जनरल स्टोर से भी लिया सैंपल
इधर, दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच की। टीम ने दुकान से चायपत्ती का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
🔴 खबर का असर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से शुरू हुए मामले में विभागीय जांच के दौरान वीडियो सही पाए जाने और प्रतिष्ठान का क्रय-विक्रय बंद करने के साथ खाद्य लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर विभाग कार्रवाई कर सकता है।


