SN इंडिया न्यूज | कोरबा
कोसाबाड़ी स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद अब शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। शिकायतों की पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय संयुक्त जांच दल गठित किया गया है, जो 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे स्कूल परिसर पहुंचकर बिंदुवार जांच करेगा।
मामले में स्थानीय नागरिक रजनीश मिश्रा सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने 29 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं पथरीपारा निवासी जितेन्द्र कुमार साहू ने कलेक्टर कोरबा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
🔎 जांच टीम में तीन अधिकारी शामिल
शिक्षा विभाग द्वारा गठित संयुक्त टीम में BEO कोरबा, सेजेस कुसमुंडा के प्राचार्य और शासकीय हाईस्कूल दादरखुर्द के प्राचार्य को शामिल किया गया है। टीम शिकायतों में लगाए गए आरोपों की बिंदुवार जांच करेगी और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करेगी।
📢 पूरे स्टाफ की मौजूदगी अनिवार्य
स्कूल प्रबंधन को जारी नोटिस में जांच के दौरान सभी पदस्थ कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। साथ ही शिकायत से संबंधित सभी मूल दस्तावेज जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
📝 शिकायतकर्ताओं को भी जारी हुआ नोटिस
जांच में शिकायतकर्ताओं का पक्ष भी दर्ज किया जाएगा। इसके लिए रजनीश मिश्रा, जगदीश प्रधान, राजेश मिश्रा, अखिलेश मणी तिवारी और जितेन्द्र कुमार साहू को 6 अक्टूबर को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अब 6 अक्टूबर की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। शिकायतों में कितनी सच्चाई है, दस्तावेज क्या कहते हैं और जांच के बाद शिक्षा विभाग क्या कदम उठाता है—इन सभी सवालों का जवाब जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आएगा।


