छत्तीसगढ़ / कोरबा
नगर पालिक निगम कोरबा के मानिकपुर वार्ड क्रमांक 33 में मुख्य मार्ग पर संचालित कल्लू मटन बकरा दुकान के खिलाफ स्थानीय नागरिकों ने मोर्चा खोल दिया है। वार्डवासियों ने निगम आयुक्त और जिला कलेक्टर को औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर मांग की है कि इस दुकान को घनी आबादी से हटाकर शहर के अधिकृत नॉनवेज मार्केट बुधवारी बाजार में स्थानांतरित या तुरंत बंद कराया जाए।

वार्डवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस दुकान के सामने से रोज स्कूली छात्र गुजरते हैं। खुले में बकरा काटे जाने के विचलित करने वाले दृश्यों से बच्चों के बालमन पर गहरा आघात पहुंच रहा है। दुकान के आसपास फैले मांस के अवशेष और तीखी दुर्गंध से क्षेत्र का वातावरण दूषित हो चुका है, जिससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का संकट मंडरा रहा है।
दुकान संचालक द्वारा बकरे का खून और अपशिष्ट सीधे उस नाले में बहाया जा रहा है, जहां नागरिक घरों की पूजा सामग्री का विसर्जन करते हैं। इसे लेकर सनातनियों और क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है।
वार्डवासियों ने पत्र में स्पष्ट किया है कि पूर्व में शिकायत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया जिससे संचालक बेखौफ बना हुआ है। शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो नागरिक कलेक्टर जनदर्शन में जाने के साथ ही एसडीएम न्यायालय में लोक न्यूसेंस के तहत वैधानिक मामला दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।


