कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक 64 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग के घर से बिना बताए चले जाने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद बेटी ने थाने में आवेदन देकर गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार आरामशीन, स्वीपर मोहल्ला निवासी रेशमा बानो (40 वर्ष) ने सिविल लाइन थाना में आवेदन देकर बताया कि उनके पिता मो. आरिफ (64 वर्ष) 9 मार्च 2026 की सुबह करीब 6 बजे बिना बताए घर से कहीं चले गए। वे अपने समधी मुमताज अली कुरैशी के घर पर थे, जहां से अचानक निकल गए और फिर वापस नहीं लौटे।
आवेदन में बताया गया है कि मो. आरिफ मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उन्हें लकवा भी है। उनके हाथ-पैर कांपते हैं और वे धीरे-धीरे चलते हैं। परिवार के लोगों ने आसपास और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
रेशमा बानो ने पुलिस से निवेदन किया है कि उनके पिता की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द उनकी तलाश की जाए। मामले में पुलिस से जांच और तलाश की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




