कोरबा। शहर में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़ी खबर को लेकर विवाद बढ़ गया है। पत्रकार को गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में अधिवक्ता कमलेश साहू के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मानिकपुर चौकी, थाना कोतवाली कोरबा में अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत धारा 296 एवं 351(2) बीएनएस में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस द्वारा कुछ दिन पहले कबाड़ से भरे एक ट्रक को रोका गया था। इसी आधार पर पत्रकार योगेश सलूजा ने मुकेश साहू के खिलाफ खबर प्रकाशित की थी। बताया जा रहा है कि इस खबर से नाराज होकर मुकेश साहू के भाई और अधिवक्ता कमलेश साहू ने फोन पर पत्रकार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि वे पत्रकार को खोजते हुए मानिकपुर चौकी के पास तक पहुंच गए, जिससे पत्रकार भयभीत हो गया।

घटना से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तक पहुंचा। उनके निर्देश पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, अधिवक्ता कमलेश साहू ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने पत्रकार को धमकाया नहीं, बल्कि कथित वसूली को लेकर समझाइश दी थी।
वहीं, दूसरी ओर मुकेश साहू ने भी मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र में लिखित शिकायत देकर पत्रकार योगेश सलूजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि पत्रकार पिछले एक माह से उनके खिलाफ झूठी खबरें चलाकर बदनाम कर रहा है और खबर रोकने के एवज में हर माह 2.50 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि कुछ रकम पहले ही दी जा चुकी है और अब फिर से पैसे की मांग की जा रही है।
मुकेश साहू ने यह भी आरोप लगाया है कि पैसे नहीं देने पर उनके कारोबार को नुकसान पहुंचाने और दुकान बंद कराने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




