कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष राजकुमार दुबे ने नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के जिला प्रबंधक बजरंग कसेर के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं की शिकायत खाद्य मंत्री एवं खाद्य आयोग अध्यक्ष (छत्तीसगढ़ शासन) से की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिला प्रबंधक द्वारा अनुबंधित निजी परिवहन ठेकेदारों के नाम पर फर्जी टीसी (परिवहन चालान) जारी कर सरकारी वाहनों से राशन का परिवहन कराया जा रहा है। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
दुबे ने बताया कि कोरबा जिले में पीडीएस दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए निजी ठेकेदारों की जगह शासकीय वाहनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि कागजों में भुगतान निजी ठेकेदारों के नाम पर दर्शाया जा रहा है। यह सीधे तौर पर शासकीय धन के गबन का मामला बनता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस पूरे मामले को वैध दिखाने के लिए फर्जी टीसी काटे जा रहे हैं, जो कूटरचना की श्रेणी में आता है। आरोप है कि जिला प्रबंधक अपने पद का दुरुपयोग कर निजी ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचा रहे हैं।
राजकुमार दुबे ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित किया जाए ताकि जांच प्रभावित न हो।
उन्होंने यह भी दावा किया है कि पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज, परिवहन रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनकी जांच से भ्रष्टाचार का खुलासा हो सकता है।
अब इस शिकायत के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं।



