छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक बार फिर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव में दो अज्ञात बदमाश बेखौफ होकर घर में घुसे और युवती पूर्णिमा चौहान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा चौहान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, एसडीओपी, थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।यह घटना इसलिए भी बेहद चिंताजनक है क्योंकि महज दो महीने के भीतर सक्ती जिले में यह दूसरी बड़ी गोलीबारी की वारदात है। इससे पहले करही गांव में भी घर में घुसकर एक युवक आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब जोंगरा गांव में पूर्णिमा चौहान की हत्या ने यह साबित कर दिया है कि जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अपराधियों तक अवैध हथियार पहुंच कहां से रहे हैं? आखिर कौन ऐसा नेटवर्क है जो बेखौफ बदमाशों के हाथों तक हथियार पहुंचा रहा है? दिनदहाड़े घर में घुसकर गोली मारने जैसी घटनाएं आम लोगों के मन में भय पैदा कर रही हैं।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए हर पहलू पर जांच कर रही है। अब पूरे जिले की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या करने वाले बदमाश कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



