ब्रेकिंग न्यूज़ | कोरबा कोरबा। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में युवा किस हद तक जोखिम उठा रहे हैं, इसका एक खतरनाक वीडियो कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग से सामने आया है। वीडियो में एक युवक चलती Renault कार की खिड़की से बाहर निकलकर बैठा हुआ Reel बनाता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि कार सड़क पर चल रही है और युवक बेखौफ होकर कैमरे के सामने वीडियो बनाने में व्यस्त दिखाई देता है।
वीडियो में कार के चलते समय युवक खिड़की पर बैठा नजर आता है। इसी दौरान वाहन के हल्का सा लहराने पर युवक का शरीर भी आगे-पीछे झटका खाता दिखाई देता है। वहीं कार चालक भी स्टीयरिंग को लहराता हुआ नजर आ रहा है। ऐसे हालात में कुछ सेकंड की लापरवाही जिंदगी भर का दर्द बन सकती थी।
Reel के चक्कर में नियमों की अनदेखी?
चलती कार से इस तरह शरीर बाहर निकालकर वीडियो बनाना सिर्फ युवक की सुरक्षा के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। अचानक संतुलन बिगड़ने, वाहन के अनियंत्रित होने या सामने से किसी वाहन के आने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और वायरल होने की होड़ आखिर लोगों को अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने तक क्यों पहुंचा रही है?
सड़क कोई Reel का सेट नहीं है। यहां एक छोटी सी गलती का खामियाजा सिर्फ वीडियो बनाने वाले को ही नहीं, बल्कि सड़क पर मौजूद कई लोगों को भुगतना पड़ सकता है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग ऐसे खतरनाक स्टंट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कब और क्या कार्रवाई करता है।
SN इंडिया न्यूज


