बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम जनता में भय और दहशत फैलाने वाले 9 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपियों ने कार और मोटरसाइकिल रैली निकालकर क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन किया, हुड़दंग मचाया और इसकी वीडियो रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर खौफ फैलाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में थाना भाटापारा शहर के अपराध क्रमांक 146/2026 में गिरफ्तार होकर जिला जेल भेजे गए थे। 5 जून 2026 को जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ कल्याण सागर वार्ड एवं तालाब पार रोड क्षेत्र में रात 10 से 11 बजे के बीच कार और बाइक रैली निकाली। इस दौरान मोहल्ले के लोगों से हुज्जतबाजी और बदसलूकी की गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में भाटापारा शहर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। सभी के खिलाफ धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
🔹 आदित्य साहू (22 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा
🔹 सागर धींवर (27 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा
🔹 मनीष धृतलहरे उर्फ सूर्या (21 वर्ष), निवासी सदर वार्ड, भाटापारा
🔹 वसीम अली (20 वर्ष), निवासी नयागंज वार्ड, भाटापारा
🔹 संतोष उर्फ छोटू मनहरे (25 वर्ष), निवासी सदर वार्ड, भाटापारा
🔹 सागर यादव (24 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा
🔹 आशीष ध्रुव (21 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा
🔹 हेमंत भाट (20 वर्ष), निवासी नयागंज वार्ड, भाटापारा
🔹 ओम ध्रुव (20 वर्ष), निवासी कल्याण सागर, के.के. वार्ड, भाटापारा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी, शक्ति प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि बनाने और आम जनता में भय फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










